मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शुरू की गई मुख्यमंत्री सेहत योजना पंजाब के लाखों परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरी है। राज्य के हर परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना ने कम समय में ही व्यापक असर दिखाना शुरू कर दिया है। योजना के तहत प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
47.2+ लाख हेल्थ कार्ड, 23 लाख+ परिवारों तक पहुंच
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 47.2 लाख से अधिक हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे लगभग 23 लाख परिवार योजना के दायरे में आ चुके हैं। सबसे खास बात यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजना को जबरदस्त समर्थन मिला है, जहां कुल जारी कार्डों में लगभग 69 प्रतिशत कार्ड वितरित किए गए हैं।
3.7 लाख मरीजों का हुआ कैशलेस इलाज
योजना का सबसे बड़ा प्रभाव स्वास्थ्य सेवाओं के उपयोग में दिखाई दे रहा है। अब तक 3.7 लाख से अधिक मरीज सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज का लाभ उठा चुके हैं। इन उपचारों पर 654 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं, जिससे हजारों परिवारों को भारी चिकित्सा खर्चों से राहत मिली है।
835 अस्पतालों का मजबूत नेटवर्क
मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 835 अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है। इनमें 223 सरकारी और 612 निजी अस्पताल शामिल हैं। इससे लोगों को अपने जिले और आसपास के क्षेत्रों में ही गुणवत्तापूर्ण इलाज की सुविधा मिल रही है।
योजना को और आसान बना रही सरकार
भगवंत मान सरकार योजना को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार सुधार कर रही है। हेल्थ कार्ड डाउनलोड करने के लिए व्हाट्सऐप आधारित सुविधा, नई वेबसाइट सेवाएं और मोबाइल ऐप आधारित पंजीकरण प्रणाली विकसित की जा रही है। हाल ही में 17 नई चिकित्सा प्रक्रियाओं को भी योजना में शामिल किया गया है, जिससे मरीजों को और अधिक उपचार विकल्प मिल सकेंगे।
सार्वभौमिक स्वास्थ्य सुरक्षा की ओर बढ़ता पंजाब
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस योजना के माध्यम से पंजाब के सभी 65 लाख परिवारों तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि बड़े पैमाने पर पंजीकरण, लाखों लाभार्थी और सैकड़ों अस्पतालों की भागीदारी इस योजना को पंजाब की सबसे महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य पहलों में से एक बना रही है।
