पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने भाखड़ा बांध को लेकर सामने आ रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बांध पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि बांध का हल्का झुकाव उसकी मूल इंजीनियरिंग डिजाइन का हिस्सा है और इसे लेकर किसी तरह की चिंता की आवश्यकता नहीं है।
बरिंदर गोयल ने कहा कि जब बांध पर पानी का दबाव बढ़ता है तो इसकी संरचना लगभग 1.03 इंच तक झुक सकती है। यह प्रक्रिया पहले से तय डिजाइन के अनुरूप होती है। जैसे ही पानी का दबाव कम होता है, बांध अपनी सामान्य स्थिति में वापस आ जाता है। उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य तकनीकी प्रक्रिया है और इससे बांध की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ता।
कैबिनेट मंत्री ने लोगों से अपील की कि भाखड़ा बांध को लेकर फैल रही अफवाहों या भ्रामक जानकारियों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि बांध की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेषज्ञ लगातार निगरानी रखते हैं और इसकी स्थिति पूरी तरह सुरक्षित है। सरकार भी हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
