साल 2025 में पंजाब ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और शहरी स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। भारत सरकार के हाउसिंग और अर्बन अफेयर्स मंत्रालय के स्वच्छ सर्वे में बठिंडा नगर निगम को स्वच्छ शहर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा राज्य के कई शहरों और कस्बों को गारबेज फ्री और ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) श्रेणियों में सर्टिफिकेशन मिला, जिससे पंजाब की स्वच्छता व्यवस्था को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
गारबेज फ्री और ODF सर्टिफिकेशन
स्वच्छता मानकों को मजबूत करते हुए 25 शहरी निकायों (ULBs) को गारबेज फ्री स्टार-1, एक ULB को स्टार-3 रेटिंग मिली। वहीं 46 ULBs को वाटर+, 53 को ODF++, 43 को ODF+ और 22 ULBs को ODF सर्टिफाइड घोषित किया गया। यह उपलब्धियां दिखाती हैं कि राज्य में स्वच्छता अब योजनाओं तक सीमित न रहकर जमीन पर असर दिखा रही है।
पुराने कचरे के निपटान में तेज़ी
लोकल गवर्नमेंट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पुराने कचरे के निपटान पर विशेष ध्यान दिया गया। 131 ULBs में कुल 84.09 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे में से 40.78 लाख मीट्रिक टन का ट्रीटमेंट किया जा चुका है। शेष 43.31 लाख मीट्रिक टन कचरे का निपटान अप्रैल 2027 तक करने की योजना तैयार की गई है।
नए कचरे के प्रबंधन पर फोकस
साल 2025 में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, स्रोत पर सेग्रीगेशन और प्रोसेसिंग को बेहतर बनाया गया। राज्य में रोज़ाना निकलने वाले 4008 टन सॉलिड वेस्ट में से 3243 टन (करीब 81%) गीले कचरे को कम्पोस्टिंग और बायो-मीथेनेशन के ज़रिए प्रोसेस किया जा रहा है। सूखा कचरा स्क्रैप डीलरों और वेस्ट कलेक्टरों के माध्यम से रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जा रहा है। इसके लिए 9812 ट्राइसाइकिल और 3162 मैकेनिकल गाड़ियां लगाई गई हैं।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स से बदला इंफ्रास्ट्रक्चर
स्मार्ट सिटीज़ मिशन के तहत लुधियाना, अमृतसर, जालंधर और सुल्तानपुर लोधी में कई बड़े प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं और कई पर काम जारी है। इन परियोजनाओं से सड़कें, लाइटिंग, पब्लिक स्पेस और डिजिटल सुविधाएं बेहतर हुई हैं।
ई-ऑटो और ई-बस से प्रदूषण पर नियंत्रण
अमृतसर में एयर पॉल्यूशन कम करने के लिए RAAHI स्कीम के तहत 1200 पुराने डीज़ल ऑटो को इलेक्ट्रिक ऑटो से बदला गया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 200 पिंक ई-ऑटो भी दिए गए। इसके साथ ही अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और मोहाली में कुल 447 ई-बसें खरीदी जा रही हैं, जिससे ज़ीरो एमिशन पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा।
डोर स्टेप सेवाएं और डिजिटल पहल
लोकल गवर्नमेंट डिपार्टमेंट ने नागरिक सेवाओं की डोर स्टेप डिलीवरी शुरू कर दी है, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही 16 अमृत कस्बों और सुल्तानपुर लोधी में पानी और सीवरेज नेटवर्क का GIS आधारित डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है।
2025 में पंजाब ने स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और शहरी विकास में ठोस कदम उठाकर यह साबित किया है कि सही योजना और मजबूत इच्छाशक्ति से शहरों की तस्वीर बदली जा सकती है।
