पंजाब में गैंगस्टरवाद के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज़ी से जारी है। ‘गैंगस्टर ते वार’ अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर राज्य भर में खुफिया जानकारी के आधार पर बड़े स्तर पर कार्रवाई की।
इस अभियान के 47वें दिन पुलिस ने अलग-अलग जिलों में संयुक्त ऑपरेशन चलाकर गैंगस्टरों के नेटवर्क से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस ने गैंगस्टरों के साथियों से जुड़ी 477 जगहों पर छापे मारे और इस कार्रवाई में 114 लोगों को गिरफ्तार किया।
घोषित अपराधी भी पुलिस के शिकंजे में
इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 9 घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा छापेमारी में 2 हथियार भी बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के शुरू होने के बाद से अब तक कुल 13,355 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं, जो राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई को दर्शाता है।
सुरक्षित पंजाब बनाने का लक्ष्य
पंजाब पुलिस का कहना है कि गैंगस्टरवाद को खत्म करने और राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें गैंगस्टरों से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुमनाम रूप से जानकारी साझा कर सकते हैं, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
