पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर ‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान के तहत राज्यभर में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ सघन कार्रवाई जारी रखी। अभियान के 161वें दिन पुलिस टीमों ने पहले से चिन्हित और मैप की गई जगहों पर एक साथ टारगेटेड रेड कर संगठित अपराध पर शिकंजा कसने का प्रयास किया।
674 स्थानों पर छापेमारी, सैकड़ों गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान 674 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में 382 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 5 घोषित अपराधियों को भी पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की। कार्रवाई के दौरान 2 अवैध हथियार भी बरामद किए गए, जिन्हें कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।
कुल गिरफ्तारियों का आंकड़ा 42 हजार के पार
पंजाब पुलिस ने बताया कि ‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान की शुरुआत से अब तक 42,160 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क और संगठित अपराध को खत्म करने के लिए इसी तरह लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी गैंगस्टर या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो वे बिना किसी डर के एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुमनाम रूप से सूचना दें। पंजाब पुलिस ने दोहराया कि राज्य में शांति, कानून व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
