अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित दो संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करने का दावा किया है। इस कार्रवाई में कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया सूचना और लगातार निगरानी के बाद की गई।
हथियार और पेट्रोल बम बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्तौल, 4 पेट्रोल से भरी बोतलें (पेट्रोल बम) और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल आपराधिक या आतंकी गतिविधियों में किया जा सकता था।
विदेशी हैंडलरों से जुड़े होने का आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार, इन हैंडलरों की ओर से स्थानीय युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने, सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी कराने, अवैध हथियार जुटाने और प्रदेश में अशांति फैलाने की कोशिश की जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि रेलवे ट्रैक के पास निगरानी कैमरे लगाए गए थे और उनकी फुटेज विदेश में बैठे संपर्कों तक भेजी जा रही थी।
तीन थानों में दर्ज हुए मामले
इस मामले में अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिवीजन थाना में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने, फरार आरोपियों की पहचान करने, आर्थिक लेन-देन की जांच करने और इस गिरोह के अन्य संभावित आतंकी मामलों से संबंधों की पड़ताल में जुटी हुई है।
