पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों की हेरोइन और ड्रग जब्त
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से चल रहे नशा और अवैध हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के बाद की गई, जिससे अंतरराष्ट्रीय सीमा के जरिए संचालित तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
हेरोइन, आईस ड्रग और पिस्तौल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21.299 किलोग्राम हेरोइन, 970 ग्राम आईस (मेथामफेटामाइन), एक अवैध .30 बोर पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद नशीले पदार्थों और हथियारों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।
विदेश में बैठे तस्कर से जुड़े मिले तार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी का संपर्क विदेश में बैठे एक तस्कर से था। पुलिस के अनुसार, यही तस्कर अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते हेरोइन और अवैध हथियार भारत भेजने का इंतजाम करता था। इसके बाद इनकी सप्लाई राज्य के अलग-अलग इलाकों में की जाती थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी
इस मामले में अमृतसर के एयरपोर्ट थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा किन इलाकों तक इसकी पहुंच थी। पुलिस का कहना है कि सीमा पार से संचालित नशा और अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
