पंजाब में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है। ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 263वें दिन पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान 298 जगहों पर कार्रवाई की गई और 110 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
इसके साथ ही पिछले 263 दिनों में पंजाब पुलिस कुल 37,392 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो अभियान की बड़ी उपलब्धि है।
छापेमारी में बरामदगी
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तस्करों के कब्जे से—
-
1.8 किलो हेरोइन,
-
1,928 नशीली गोलियां,
-
7,650 रुपये की ड्रग मनी
बरामद की है।
800 पुलिसकर्मियों की टीम ने किया ऑपरेशन
अभियान को सफल बनाने के लिए 60 गज़टेड अधिकारियों की निगरानी में 100 से अधिक पुलिस टीमें, जिनमें 800 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल थे, पूरे राज्य में उतारे गए। टीमों ने दिनभर अलग-अलग जिलों में दबिश देकर अभियान को अंजाम दिया।
316 संदिग्धों की जांच, 21 लोगों को दिया पुनर्वास का मौका
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 316 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। साथ ही 21 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास केंद्रों में इलाज करवाने के लिए तैयार भी किया गया, ताकि वे दोबारा सामान्य जीवन जी सकें।
पंजाब पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई जारी रहेगी और आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा।
