पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 487वें दिन पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए 87 कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। राज्यभर में चलाए गए अभियान के दौरान कई स्थानों पर छापेमारी कर नशीले पदार्थों और अवैध कमाई को जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 1.8 किलोग्राम हेरोइन, 401 नशीली गोलियां और नशा तस्करी से कमाए गए 11.12 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। जब्त किए गए मादक पदार्थों और नकदी को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने नशे की रोकथाम और पुनर्वास पर भी जोर दिया। अभियान के दौरान 9 लोगों की काउंसलिंग की गई और उन्हें नशा-मुक्ति केंद्रों में इलाज कराने तथा सामान्य जीवन की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया गया। पंजाब पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नशे के शिकार लोगों के पुनर्वास, दोनों पर समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है।
