पंजाब में नशे के खिलाफ चल रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के 494वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्यभर में व्यापक कार्रवाई करते हुए 85 कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 1.3 किलोग्राम हेरोइन, 790 ग्राम अफीम, 1.7 किलोग्राम पोस्ता भूसी, 677 नशीली गोलियां और 1,800 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। पुलिस का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी है और नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
नशा छोड़ने के लिए लोगों को किया प्रेरित
इस अभियान के दौरान केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं की गई, बल्कि समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में भी प्रयास किए गए। पंजाब पुलिस ने 24 लोगों की काउंसलिंग कर उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया और स्वेच्छा से नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए तैयार किया। पुलिस का मानना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल तस्करों पर कार्रवाई से नहीं, बल्कि नशे के शिकार लोगों के पुनर्वास से भी मजबूत होगी।
