पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की नकली वीडियो वायरल करने के मामले में अब बड़ा कदम उठाया गया है। फरीदकोट की अदालत ने इस मामले में आरोपी जगमन समरा के खिलाफ लुकआउट नोटिस और गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए हैं। अदालत ने यह कार्रवाई एक पुराने केस से जुड़ी सुनवाई के दौरान की है।
कौन है जगमन समरा?
जगमन समरा संगरूर जिले के गांव फग्गूवाला का रहने वाला है। कुछ समय पहले उसने सीएम मान की कथित फेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की थी, जिसके बाद वह सुर्खियों में आ गया था। फिलहाल वह कनाडा में रह रहा है।
पुराना केस और जेल से फरार होने की कहानी
जानकारी के मुताबिक, जगमन समरा पहले एक पुराने आपराधिक मामले में फरीदकोट जेल में बंद था। लेकिन साल 2022 में वह जेल से फरार हो गया था। फरारी के बाद उसके खिलाफ पुलिस ने नया केस दर्ज किया था। अब अदालत ने उसी मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।
अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को
इस मामले की अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को तय की गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है और विदेश में होने के कारण लुकआउट नोटिस जारी कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है।
