पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बाढ़ पीड़ितों के लिए सराहनीय पहल की है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में उन्होंने बताया कि उनका गंभीरपुर वाला घर और नंगल स्थित रिहायश अब पूरे इलाके के लोगों के लिए पूरी तरह खुले हैं। मंत्री बैंस ने कहा कि जो भी व्यक्ति जरूरतमंद है, चाहे उसे राशन, दवाई या किसी भी अन्य मदद की आवश्यकता हो, दोनों घरों के दरवाज़े 24 घंटे खुले रहेंगे।
टीम तैनात, हर समय सहायता उपलब्ध
हरजोत बैंस ने बताया कि नंगल वाले घर में उनकी एक मजबूत टीम लगातार 24 घंटे मौजूद रहती है। यह टीम तुरंत मदद पहुंचाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को ठहरने की भी जरूरत पड़े, तो उनके घर में रहना भी संभव है। इस तरह उन्होंने अपने घरों को वास्तविक राहत केंद्र का रूप दे दिया है।
हेल्पलाइन नंबर से जुड़ी सेवा
मंत्री बैंस ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पहले ही एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया था। इस नंबर पर लगातार फोन कॉल्स आ रही हैं और जैसे ही किसी इलाके से कॉल आता है, तुरंत मदद पहुंचाई जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें नकद पैसे या धनराशि की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि किसी ने गलती से 11 हजार रुपये उस नंबर पर भेज दिए थे, जबकि उनकी अपील सिर्फ वस्तुओं की मदद के लिए है।
दानदाताओं से अपील
बैंस ने दानदाताओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि कोई मदद करना चाहता है तो नकदी भेजने के बजाय राहत सामग्री भेजें। उन्होंने बताया कि जो भी सामग्री मिल रही है, उसे नंगल के अलग-अलग इलाकों में ज़रूरतमंदों तक बांटा जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि स्थानीय संत-महापुरुष भी सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं, इसलिए दानदाता अपनी सेवाएं सीधे उन्हें भी भेज सकते हैं।
युवाओं को मिला बड़ा जिम्मा
हरजोत सिंह बैंस ने खास तौर पर युवाओं को धन्यवाद दिया और अपील की कि वे इस मुश्किल समय में और आगे आएं। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने के कारण बाढ़ से सुरक्षा के लिए रेत और मिट्टी की बोरियां भरकर तैयार की जाएं। इन बोरियों को तुरंत प्रभावित इलाकों में पहुंचाकर लोगों को सुरक्षित किया जा सकेगा।
