बीते पांच कारोबारी दिनों में भारतीय शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सप्ताह के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों दबाव में रहे। सेंसेक्स करीब 490 अंक नीचे रहा, जबकि निफ्टी में लगभग 205 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। बाजार की इस कमजोरी का असर देश की बड़ी कंपनियों के मार्केट कैप पर भी दिखाई दिया।
TCS और Reliance के निवेशकों को सबसे बड़ा नुकसान
सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों में पांच के मार्केट कैप में गिरावट आई। इनमें सबसे बड़ा झटका TCS और Reliance Industries को लगा। TCS का मार्केट कैप घटकर करीब 8.53 लाख करोड़ रुपये रह गया। कंपनी के निवेशकों की संपत्ति में करीब 34,263 करोड़ रुपये की कमी आई।
वहीं, Reliance Industries का मार्केट कैप करीब 17.70 लाख करोड़ रुपये रह गया। पांच कारोबारी दिनों में कंपनी के निवेशकों की संपत्ति लगभग 31,869 करोड़ रुपये कम हुई। यानी दोनों कंपनियों को मिलाकर 66 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की मार्केट वैल्यू घट गई।
SBI और बड़े बैंकों पर भी दबाव
नुकसान उठाने वाली कंपनियों में TCS और Reliance के अलावा तीन बड़े बैंक भी शामिल रहे। SBI का मार्केट कैप करीब 25,892 करोड़ रुपये घटकर 9.86 लाख करोड़ रुपये रह गया। HDFC Bank की मार्केट वैल्यू में करीब 7,165 करोड़ रुपये की कमी आई, जबकि ICICI Bank का मार्केट कैप लगभग 2,793 करोड़ रुपये घटा।
LIC और Airtel के निवेशकों की हुई कमाई
बाजार में गिरावट के बावजूद पांच बड़ी कंपनियों ने निवेशकों को फायदा दिया। LIC का मार्केट कैप बढ़कर करीब 5.23 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया और निवेशकों की संपत्ति में लगभग 26,438 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।
Bharti Airtel का मार्केट कैप भी करीब 20,592 करोड़ रुपये बढ़ा। इसके अलावा Bajaj Finance, L&T और HUL के निवेशकों को भी इस दौरान फायदा मिला। Bajaj Finance की मार्केट वैल्यू करीब 3,549 करोड़ रुपये, L&T की 2,491 करोड़ रुपये और HUL की 2,079 करोड़ रुपये बढ़ी।
Reliance अब भी नंबर-1
मार्केट कैप में गिरावट के बावजूद Reliance Industries देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद Bharti Airtel, HDFC Bank, ICICI Bank, SBI, TCS, Bajaj Finance, L&T, LIC और HUL का स्थान रहा।
