Malvinder Singh Kang ने विदेशों में रह रहे पंजाबी वोटरों के अधिकारों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त को एक अहम पत्र लिखा है। उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के दौरान योग्य पंजाबी वोटरों के नाम वोटर सूची से हटाए जाने पर चिंता जताई।
डिजिटल वेरिफिकेशन की मांग
मलविंदर कंग ने अपने पत्र में कहा कि बड़ी संख्या में पंजाबी कनाडा, ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और खाड़ी देशों में रह रहे हैं, लेकिन उनका अपने गांव, जमीन और पंजाब से गहरा जुड़ाव बना हुआ है। उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की कि विदेशों में रह रहे पंजाबी वोटरों के लिए ऑनलाइन और डिजिटल वेरिफिकेशन की सुविधा शुरू की जाए, ताकि उन्हें सत्यापन के लिए बार-बार भारत आने की जरूरत न पड़े।

वोट कटने की आशंका जताई
सांसद ने कहा कि कई पंजाबी वोटर वर्षों से पंजाब की वोटर सूची में दर्ज हैं, लेकिन विदेश में काम और दूरी के कारण फिजिकल वेरिफिकेशन कराना उनके लिए मुश्किल हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि सख्त प्रक्रियाओं के कारण कई असली और योग्य वोटरों के नाम सूची से हट सकते हैं।
विशेष प्रावधान करने की अपील
मलविंदर कंग ने चुनाव आयोग से दस्तावेज जमा करने की समय सीमा बढ़ाने, भारतीय दूतावासों के जरिए सत्यापन और शिकायतों के लिए विशेष व्यवस्था बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए हर योग्य पंजाबी वोटर के अधिकार की रक्षा जरूरी है।
