पंजाब की राजनीति में आज एक अहम मोड़ तब आया जब आम आदमी पार्टी (AAP) की मशहूर विधायक और पंजाबी गायिका अनमोल गगन मान ने अपना दिया हुआ इस्तीफा वापस ले लिया। पार्टी में आंतरिक संवाद और सुलह की पहल करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने उनसे मुलाकात की और एक पारिवारिक माहौल में बातचीत करके उन्हें मनाया।
अमन अरोड़ा ने निभाई अहम भूमिका
पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने इस संकट को टालने में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने खुद अनमोल गगन मान से मुलाकात की और उन्हें इस्तीफा वापस लेने के लिए राज़ी किया। इस मुलाकात को “पारिवारिक माहौल में” हुआ संवाद बताया गया।
अमन अरोड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:
“अनमोल गगन मान से पारिवारिक माहौल में मुलाकात हुई। पार्टी ने उनके इस्तीफ़े को नामंज़ूर करने का फ़ैसला किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। मैंने उनसे पार्टी और क्षेत्र की प्रगति के लिए मिलकर काम करने का अनुरोध किया।”
“परिवार का हिस्सा थे, हैं और रहेंगे”
अमन अरोड़ा ने यह भी स्पष्ट किया कि अनमोल पार्टी के लिए कितनी अहम हैं। उन्होंने कहा:
“अनमोल अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के परिवार का हिस्सा थे, हैं और रहेंगे।”
यह बयान इस ओर भी इशारा करता है कि पार्टी उन्हें भविष्य में एक बड़ी भूमिका सौंप सकती है।
क्यों अहम है यह फैसला?
पिछले कुछ समय से पंजाब में AAP सरकार को लेकर असंतोष और भीतरू कलह की खबरें आ रही थीं। ऐसे में अनमोल गगन मान जैसी लोकप्रिय और युवा महिला विधायक का इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ा झटका हो सकता था। लेकिन इस फैसले के वापस लिए जाने से न केवल पार्टी को राहत मिली है, बल्कि सरकार की स्थिरता का भी संदेश गया है।
अनमोल गगन मान का सफर !
अनमोल गगन मान एक लोकप्रिय पंजाबी गायिका हैं और युवाओं की आइकन मानी जाती हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में AAP ने उन्हें खरड़ सीट से टिकट दिया था, जहां उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की। राजनीति में उनका आगमन युवाओं और महिलाओं के बीच AAP की पकड़ मजबूत करने के लिए अहम माना गया।
