Punjab Police की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने OFTEC पंजाब, Batala Police और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक बड़ा ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल में भारत-भूटान सीमा से विदेश में बैठे गैंगस्टर के तीन मुख्य गुर्गों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी भूटान भागने की कोशिश कर रहे थे।
दोहरे हत्याकांड में थे शामिल
गिरफ्तार किए गए आरोपी बटाला के भोमा गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि आरोपी देश छोड़ने की तैयारी में हैं, जिसके बाद विशेष ऑपरेशन चलाया गया।
विदेश में बैठे गैंगस्टर के निर्देश पर काम
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में छिपे भगोड़े गैंगस्टर ‘हैप्पी जट्ट’ के निर्देशों पर काम कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि इसी गैंगस्टर के इशारे पर इन हत्याओं की साजिश रची गई और वारदात को अंजाम दिया गया। अब जांच एजेंसियां गैंग के बाकी नेटवर्क और संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं।
संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई
पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
