पंजाब सरकार ने किसानों तक नहरी पानी की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए तरनतारन जिले के रसूलपुर, जमाराय, पट्टी और दुमणीवाला गांवों में जल संसाधनों के पुनर्निर्माण और कंक्रीट लाइनिंग से जुड़े विकास कार्य पूरे कर लिए हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने इन्हें जनता को समर्पित किया। इन सभी परियोजनाओं पर लगभग 64 करोड़ रुपये की लागत आई है।
किसानों को मिलेगा नहरी पानी का अधिक लाभ
मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र के खेतों तक नहरी पानी की उपलब्धता पहले की तुलना में बेहतर होगी। इससे हजारों किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा और भूजल पर निर्भरता भी कम करने में मदद मिलेगी। सरकार का उद्देश्य खेती के लिए सतही जल के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देना और पानी की बर्बादी रोकना है।
कंक्रीट लाइनिंग से बढ़ेगी जल आपूर्ति की क्षमता
परियोजनाओं के तहत नहरों और जल मार्गों की कंक्रीट लाइनिंग की गई है, जिससे पानी का रिसाव कम होगा और नहरों की जल वहन क्षमता बढ़ेगी। इससे खेतों तक पानी तेजी से और अधिक मात्रा में पहुंचेगा। सरकार का कहना है कि राज्य में नहर प्रणाली को आधुनिक बनाकर अधिक से अधिक किसानों को नियमित सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का अभियान लगातार जारी है।
