बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार बेहद दिलचस्प नतीजे देखने को मिले। चुनाव परिणामों ने राज्य की राजनीतिक तस्वीर बदलते हुए बीजेपी को सबसे बड़ी पार्टी बना दिया। पार्टी ने कुल 89 सीटें जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया है। उनके सहयोगी नीतीश कुमार की जदयू को 85 सीटों पर जीत मिली। दूसरी ओर राजद और उसके नेतृत्व वाले महागठबंधन का प्रदर्शन उम्मीद से काफी कमजोर रहा और वे 50 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए।
चुनाव में कई सीटों पर मुकाबला इतना करीबी रहा कि परिणामों ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। आइए जानते हैं ऐसी सीटों के बारे में, जहां जीत की दूरी बेहद मामूली रही।
संदेश सीट: सिर्फ 27 वोटों से जीत
सबसे कम अंतर वाली जीत संदेश विधानसभा सीट पर देखने को मिली। जदयू के उम्मीदवार रामचरण साह केवल 27 वोटों से जीत पाए। उन्हें कुल 80,598 वोट मिले, जबकि आरजेडी के प्रत्याशी दीपू सिंह को 80,571 वोट प्राप्त हुए।
इस सीट पर प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी भी मौजूद थी, लेकिन उनके उम्मीदवार को सिर्फ 6040 वोट मिले, जिसने मुकाबले को प्रभावित किया।
अगिआंव सीट: बीजेपी ने वाम गढ़ में सेंध लगाई
वाम दलों का मजबूत गढ़ माने जाने वाले अगिआंव सीट पर बीजेपी के महेश पासवान ने बेहद कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की। वे सिर्फ 95 वोटों से जीते। महेश पासवान को 69,412 वोट मिले, जबकि CPI(ML) के शिव प्रकाश रंजन को 69,317 वोट मिले।
बलरामपुर सीट: एलजेपी(रामविलास) की संगीता देवी की जीत
बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र में एलजेपी (रामविलास) की संगीता देवी ने AIMIM के उम्मीदवार मोहम्मद आदिल हुसैन को 389 वोटों के अंतर से हराया। संगीता देवी को 80,459 वोट मिले। यदि थोड़ा और समर्थन मिलता, तो AIMIM को एक और सीट मिल सकती थी।
बख्तियारपुर और बोधगया सीटों पर भी कड़ा संघर्ष
बख्तियारपुर में एलजेपी (रामविलास) के अरुण कुमार ने 981 वोटों से जीत हासिल की। उन्हें 88,520 वोट मिले, जबकि आरजेडी के अनिरुद्ध कुमार को 87,539 वोट मिले।
बोधगया सीट से आरजेडी के कुमार सर्वजीत ने 881 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 1,00,236 वोट मिले, जबकि एलजेपी (रामविलास) के श्यामदेव पासवान को 99,355 वोट मिले।
चनपटिया और ढाका में भी रोमांच
चनपटिया सीट पर कांग्रेस के अभिषेक रंजन ने बीजेपी उम्मीदवार उमाकांत सिंह को 602 वोटों से हराया।
ढाका विधानसभा क्षेत्र में आरजेडी के फैसल रहमान ने अत्यंत करीबी मुकाबले में 178 वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें 1,12,727 वोट मिले, जबकि बीजेपी के पवन कुमार जैसवाल को 1,12,549 वोट मिले।
फारबिसगंज में कांग्रेस की जीत
फारबिसगंज सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार मनोज विश्वास ने 221 वोटों के छोटे से अंतर से बीजेपी के विद्या सागर केशरी को मात दी।
