बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में आज सुबह से ही वोटिंग जोरों पर है। राज्य की 121 सीटों पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह 11 बजे तक 18 जिलों में कुल 27.65% वोटिंग दर्ज की गई। पहले चरण के तहत जिन जिलों में वोटिंग हो रही है, उनमें पटना, बेगूसराय, गोपालगंज, लखीसराय, नवादा, और जहानाबाद जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं।
बेगूसराय में सबसे ज्यादा वोटिंग
अब तक के आंकड़ों में बेगूसराय जिला सबसे आगे रहा, जहां 30.37% मतदान दर्ज किया गया है। इसके बाद लखीसराय में 30.32% और गोपालगंज में 30.04% वोटिंग हुई। वहीं, राजधानी पटना में अब तक सिर्फ 23.71% वोटिंग दर्ज की गई है। सुबह के शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी रही, लेकिन 9 बजे के बाद मतदान केंद्रों पर भीड़ बढ़नी शुरू हो गई।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, CCTV और ड्रोन से निगरानी
पहले चरण के मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात है। संवेदनशील बूथों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
नेताओं ने किया मतदान, बढ़ाया जनजागरूकता का संदेश
इस चरण में कई प्रमुख नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान किया और लोगों से भी वोट डालने की अपील की। राजद नेता तेजस्वी यादव ने परिवार के साथ वोट डालने के बाद कहा कि “इस बार बिहार में बदलाव तय है, जनता रोजगार और विकास के मुद्दों पर मतदान कर रही है।” वहीं, बीजेपी और जेडीयू नेताओं ने भी मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील की।
मतदाताओं में दिखा उत्साह
सुबह ठंड के बावजूद मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। पहली बार वोट डालने वाले युवा खासे उत्साहित नजर आए। कई जगहों पर महिलाएं भी बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंचीं। कुछ ग्रामीण इलाकों में वोटिंग की रफ्तार थोड़ी धीमी रही, लेकिन शहरों में लोगों का उत्साह देखते ही बनता था।
