बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले जारी सीट बंटवारे के मतभेदों के बीच महागठबंधन ने आज एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सबको चौंका दिया। कांग्रेस, राजद, और वीआईपी समेत अन्य सहयोगी दलों ने मिलकर तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने यह ऐलान किया कि महागठबंधन की जीत की स्थिति में तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री और मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री होंगे।
तेजस्वी यादव बोले – बिहार में बदलाव तय है
मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बनाए जाने के बाद तेजस्वी यादव ने सभी सहयोगियों और जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा,
“हमारा मकसद बिहार को नई दिशा देना है। आदरणीय लालू प्रसाद यादव, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सभी महागठबंधन दलों का मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं। आप लोगों ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर हम खरे उतरेंगे।”
एनडीए पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा, “ये लोग थक चुके हैं और सिर्फ सत्ता के भूखे हैं। अगर हमें सिर्फ तीस महीने का मौका मिले, तो हम वो करेंगे जो उन्होंने तीस साल में नहीं किया।”
अशोक गहलोत ने दिया कांग्रेस की ओर से भरोसा
कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, “सबकी राय लेकर यह तय किया गया है कि तेजस्वी यादव सीएम फेस होंगे और मुकेश सहनी डिप्टी सीएम चेहरा।”
उन्होंने आगे कहा, “देश और बिहार दोनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और युवाओं की समस्याओं को अब गंभीरता से देखने की जरूरत है। जनता बदलाव चाहती है और यह चुनाव उस बदलाव का प्रतीक बनेगा।”
महागठबंधन में पहले दिखी थी नाराजगी, अब सब एकजुट
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले तक महागठबंधन में सीट बंटवारे और सीएम चेहरे को लेकर मतभेद की खबरें सामने आ रही थीं। हालांकि, बुधवार को अशोक गहलोत पटना पहुंचे और लालू प्रसाद यादव व तेजस्वी यादव से मुलाकात की।
बैठक के बाद गहलोत ने साफ कहा, “महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और बिहार में एनडीए को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है।”
राजनीतिक माहौल गरमाया, एनडीए पर बढ़ा दबाव
महागठबंधन के इस बड़े ऐलान के बाद बिहार का राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है। एनडीए खेमे में अब रणनीति बदलने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि तेजस्वी यादव के युवा नेतृत्व और महागठबंधन की एकजुटता से चुनाव में मुकाबला कड़ा होने वाला है।
