पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जानकारी दी कि आज श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में एक बड़ा रक्तदान शिविर और पौधारोपण मुहिम शुरू की गई। उन्होंने स्वयं एक पौधा लगाकर इस अभियान की शुरुआत की।
रक्तदान और अंगदान को बताया सर्वोत्तम दान
सीएम मान ने कहा कि रक्तदान और अंगदान ऐसे मानवीय कार्य हैं, जो समाज में भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि गुरु तेग बहादुर जी की प्रेरणा से आज पंजाब का युवा बड़ी संख्या में स्वेच्छा से रक्तदान कर रहा है और मानवता की सेवा में आगे आ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने लोगों को अंग एवं टिश्यू दान के लिए शपथ दिलवाई और दूसरों को भी इस नेक काम के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
सीएम मान ने कहा कि आने वाले समय में ऑक्सीजन और पानी की सुरक्षा बेहद जरूरी हो जाएगी। इसलिए पेड़-पौधे लगाना समय की मांग है। पौधारोपण मुहिम का उद्देश्य पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित रखना है।
शिविर में पहुंचे युवाओं और श्रद्धालुओं ने भी पौधारोपण में हिस्सा लिया और प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया।
गुरु साहिब की शहादत से मिली प्रेरणा
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब की अनोखी शहादत हर किसी को मानवता, साहस और सेवा का संदेश देती है। उसी प्रेरणा से आज लोग समाज और पर्यावरण के हित में आगे आ रहे हैं।
अभियान को मिली बड़ी जनसमर्थन
रक्तदान शिविर और पौधारोपण अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में सीएम मान ने सभी को धन्यवाद दिया और समाजहित के ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखने की अपील की।
