मुंबई में होने वाले 2026 बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव से पहले सियासत तेज हो गई है। Aam Aadmi Party की वरिष्ठ नेता Atishi ने मुंबई में पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। उन्होंने साफ कहा कि आम आदमी पार्टी 75 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी। आतिशी ने कहा, “हम देर से आए हैं, लेकिन दुरुस्त आए हैं। कुछ चीजें देर से शुरू होती हैं, तो बेहतर होती हैं। मुंबई कहिए या बॉम्बे—नाम नहीं, काम चाहिए।”
BMC पर तीखा हमला
घोषणापत्र जारी करते हुए आतिशी ने Brihanmumbai Municipal Corporation पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर नाम बदलने से किसी को संतोष मिलता है, तो ज़मीनी काम भी करके दिखाइए। “मुंबई की सड़कें बनाइए, लोगों को गड्ढों से मुक्ति दिलाइए। सिर्फ नाम बदलने से शहर नहीं चलता,” उन्होंने कहा।
शिक्षा और प्रशासन पर BJP पर कटाक्ष
आतिशी ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसी भी देश का विकास शिक्षा से होता है, लेकिन आज शिक्षकों से बच्चों को बेहतर भविष्य देने के बजाय दूसरी तरह के काम कराए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, यही वजह है कि व्यवस्था कमजोर हो रही है और आम नागरिक को उसका नुकसान उठाना पड़ रहा है।
75 हजार करोड़ बजट, फिर भी बदहाली का आरोप
AAP नेता ने कहा कि 75,000 करोड़ रुपये से ज्यादा बजट होने के बावजूद BMC मुंबईकरों को बेहतर सेवाएं नहीं दे पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और खराब प्रशासन के कारण शहर की हालत बिगड़ी है। आतिशी ने यह भी दावा किया कि BMC स्कूलों को जानबूझकर कमजोर किया गया, ताकि उनकी कीमती जमीन पर नजर डाली जा सके। आज हालात यह हैं कि बीएमसी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या लगातार घट रही है और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी पर्याप्त नहीं हैं।
AAP की ‘केजरीवाल की गारंटी’: 4 बड़े वादे
AAP के घोषणापत्र में मुंबई के लिए चार बड़ी गारंटियां रखी गई हैं।
पहली—हर घर को 24×7 साफ पानी, 20,000 लीटर तक मुफ्त पाइपलाइन जल और 100% सीवेज ट्रीटमेंट।
दूसरी—विश्वस्तरीय शिक्षा, हर BMC स्कूल के लिए आधुनिक ढांचा, छात्रों को मुफ्त बस पास और स्कूलों में जरूरी सुविधाएं।
तीसरी—स्वास्थ्य, 1000 मोहल्ला क्लीनिक, मुफ्त इलाज, दवाएं और जांच।
चौथी—बिजली, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली और सौर ऊर्जा को बढ़ावा।
सड़क, बस और सफाई पर फोकस
घोषणापत्र में BEST के पुनरुद्धार, 10,000 इलेक्ट्रिक बसें, महिलाओं और छात्रों के लिए मुफ्त परिवहन और वैज्ञानिक “जीरो पॉटहोल” सिस्टम से गड्ढा-मुक्त सड़कें बनाने का वादा किया गया है। इसके अलावा कचरा पृथक्करण और दो लाख सार्वजनिक शौचालय बनाने की बात भी कही गई है।
महिलाओं, बच्चों और LGBTQi+ के लिए पहल
AAP ने कम आय वाली गर्भवती महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता, महिलाओं और बच्चों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच, संवेदनशील इलाकों में CCTV और भेदभाव-मुक्त नागरिक सेवाओं का भरोसा दिया है।
काम की राजनीति का दावा
मुंबई AAP अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने कहा कि पार्टी गठबंधन की राजनीति से अलग हटकर काम के आधार पर वोट मांगेगी। अंत में आतिशी ने मुंबईकरों से अपील की—“बृहन्मुंबई महानगरपालिका में झाड़ू लगाइए और शहर की गरिमा लौटाइए।”
