पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को उस समय बड़ी चुनौती मिली, जब मोगा जिले में दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। बुधवार सुबह डीएन मॉडल स्कूल, कोट इसेखां और कैम्ब्रिज स्कूल को सुबह करीब 8:36 बजे ई-मेल के जरिए धमकी भेजी गई। धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में अफरा-तफरी मच गई।
स्कूल खुलते ही आई धमकी
खास बात यह है कि मोगा में करीब 20 दिन बाद स्कूल खुले थे और कई बच्चे पहले ही स्कूल पहुंच चुके थे। जैसे ही बम की धमकी की जानकारी मिली, स्कूल प्रबंधन ने तुरंत बच्चों के माता-पिता को सूचित किया। सुरक्षा को देखते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित तरीके से घर भेज दिया गया।
पुलिस और बम स्क्वॉड अलर्ट
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस और बम स्क्वॉड की टीमें तुरंत स्कूलों में पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन जांच शुरू की। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
पंजाब की अदालतों को भी धमकी
इसी दिन पंजाब की अदालतों को भी धमकी भरा ई-मेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में चिंता बढ़ गई। लुधियाना में ज्यूडिशियल बिल्डिंग को बम से उड़ाने की धमकी मिली, वह भी 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस से ठीक पहले। इस ई-मेल के बाद पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।
कोर्ट परिसर घेरा गया
धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने ज्यूडिशियल बिल्डिंग को चारों तरफ से घेर लिया। एहतियात के तौर पर वकीलों और कोर्ट स्टाफ को चैंबर से दूर रहने की हिदायत दी गई। पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
बार एसोसिएशन ने दी जानकारी
लुधियाना डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन सग्गर ने बताया कि सुबह करीब 8:15 बजे एक ई-मेल मिला था, जिसमें कोर्ट बिल्डिंग को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन को मौके पर बुलाया गया और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गईं।
जांच जारी, सुरक्षा कड़ी
फिलहाल मोगा के स्कूलों और लुधियाना कोर्ट, दोनों जगह जांच जारी है। अभी तक किसी भी धमकी को सच साबित करने वाली कोई चीज नहीं मिली है, लेकिन पुलिस किसी भी जोखिम को नजरअंदाज नहीं कर रही। लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
