‘भारत एक सेक्युलर देश है’, हाई कोर्ट ने कहा- कुछ नेताओं की टिप्पणियों से हम परेशान हैं; पटाखे न जलाने की अपील वाला वीडियो विरोध के बाद BMC ने हटा दिया था।
बॉलीवुड अभिनेत्री दिया मिर्जा के एक वीडियो को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने BJP नेताओं की आपत्तियों पर नाराजगी जताते हुए BMC को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटाए गए वीडियो को दोबारा अपलोड करने का आदेश दिया है।
दरअसल, BMC ने पटाखों से होने वाले प्रदूषण और सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे जलाने के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए अभिनेत्री दिया मिर्जा का एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में दिया मिर्जा लोगों से अपील करती नजर आई थीं कि वे सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे न जलाएं और बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करें।
लेकिन वीडियो सामने आने के बाद कुछ BJP नेताओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया। राजनीतिक विरोध के बाद BMC ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो हटा दिया। इसी मामले की सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाई कोर्ट ने वीडियो हटाए जाने और कुछ नेताओं की टिप्पणियों पर नाराजगी जाहिर की।
‘भारत एक सेक्युलर देश है’, हाई कोर्ट की दो टूक
जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस डॉ. नीला गोखले की बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि कुछ नेताओं की टिप्पणियों से वे परेशान हैं। अदालत ने यह भी याद दिलाया कि भारत एक सेक्युलर देश है।
कोर्ट ने वीडियो को लेकर उठे विवाद पर सवाल उठाते हुए BMC को निर्देश दिया कि हटाए गए वीडियो को फिर से उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बहाल किया जाए।
BJP नेताओं के विरोध के बाद BMC ने हटाया था वीडियो
गौरतलब है कि दिया मिर्जा का यह वीडियो किसी राजनीतिक प्रचार का हिस्सा नहीं, बल्कि लोगों को हाई कोर्ट के आदेश और सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे नहीं जलाने के प्रति जागरूक करने के लिए बनाया गया था।
BMC ने इस अभियान के लिए दिया मिर्जा को शामिल किया था, लेकिन कुछ BJP नेताओं की आपत्ति के बाद वीडियो हटा दिया गया। अब बॉम्बे हाई कोर्ट ने BMC को इसे दोबारा अपलोड करने का आदेश दिया है।
