पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब आम लोग भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राज्य सरकार की ‘सेफ पंजाब’ (Safe Punjab) व्हाट्सएप हेल्पलाइन 97791-00200 के माध्यम से नागरिक गोपनीय तरीके से नशे से जुड़ी जानकारी प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य लोगों की पहचान सुरक्षित रखते हुए नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाना है।
43 हजार से ज्यादा गोपनीय जानकारियां मिलीं
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 43,520 गोपनीय सूचनाएं हेल्पलाइन पर प्राप्त हो चुकी हैं। इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने कई स्थानों पर कार्रवाई की है। सरकार का कहना है कि लोगों के सहयोग से नशे के नेटवर्क तक पहुंचने में मदद मिल रही है और अभियान को लगातार मजबूती मिल रही है।
17,120 मामले दर्ज, 21,962 गिरफ्तारियां
हेल्पलाइन के जरिए मिली जानकारी के आधार पर अब तक 17,120 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। वहीं, कार्रवाई के दौरान 21,962 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सरकार का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी है और लोगों की भागीदारी से इस मुहिम को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
