पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे राज्य स्तरीय अभियान के 190वें दिन पुलिस ने पूरे प्रदेश में व्यापक कार्रवाई की। इस दौरान 641 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई और 313 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने एक हथियार भी बरामद किया। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर लगातार नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है।
54 हजार से अधिक गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के अनुसार गैंगस्टरों के खिलाफ चल रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक 54,204 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं। पुलिस लगातार खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सरकार का कहना है कि राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
नशा तस्करों पर भी लगातार कार्रवाई
वहीं, ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के 515वें दिन पुलिस ने 121 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस विशेष अभियान के दौरान अब तक गिरफ्तार किए गए तस्करों की कुल संख्या 74,965 पहुंच गई है। पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी में शामिल नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
अपराध और नशे के खिलाफ दोहरी रणनीति
मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के नेतृत्व में पंजाब पुलिस गैंगस्टर नेटवर्क और नशा तस्करी, दोनों के खिलाफ समानांतर अभियान चला रही है। नियमित छापेमारी, गिरफ्तारी और खुफिया कार्रवाई के जरिए राज्य में सुरक्षित माहौल बनाए रखने तथा युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखने के प्रयास लगातार तेज किए जा रहे हैं।
