चंडीगढ़ में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सेक्टर-7 स्थित सरकारी स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा तनु (15) ने सुखना झील में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, तनु किशनगढ़ की रहने वाली थी और बुधवार रात करीब 11 बजे अचानक घर से बाहर चली गई। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद झील में लड़की के डूबने की सूचना मिली।
पुलिस और गोताखोरों ने निकाला शव
सुखना झील चौकी पुलिस को जैसे ही जानकारी मिली, टीम गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची। तनु को पानी से बाहर निकालकर तुरंत सेक्टर-16 के जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर से मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने बताया कि तनु के घर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। उसमें लिखा है— “मम्मी-पापा, आई लव यू, मैं लेक पर मिलूंगी।” पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह मानसिक रूप से परेशान थी।
जांच में जुटी पुलिस
सेक्टर-3 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है और परिवार से पूछताछ की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
(अगर आप या आपका कोई जानने वाला मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो कृपया आत्महत्या का विचार न करें। मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 पर संपर्क करें।)
