पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज राज्य में फेसलेस RTO सेवाओं की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से RTO दफ्तर का ताला लगाकर इस नई व्यवस्था की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन पंजाब के आम नागरिकों के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि अब वाहन रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध होंगी।

भ्रष्टाचार और परेशानियों पर लगेगी रोक
भगवंत मान ने कहा कि RTO दफ्तरों में लोगों को लंबे समय से कई दिक्कतों और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ता था। नई फेसलेस प्रणाली से अब इन समस्याओं का अंत हो जाएगा।
उन्होंने कहा, “पहले लोगों को परेशान करने के लिए रिबन काटे जाते थे, अब जनता की सुविधा के लिए सरकार दफ्तरों पर ताले लगा रही है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह कदम पंजाब सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत उठाया गया है।
सरकारी कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ट्रांसपोर्ट विभाग के किसी भी कर्मचारी की नौकरी नहीं जाएगी। सभी कर्मचारियों को उनकी योग्यता के अनुसार अन्य विभागों में समायोजित किया जाएगा। मान ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के अनुभव और सेवा का सम्मान करती है।
लोगों को मिलेगी घर बैठे सुविधा
अब पंजाब के नागरिकों को RTO दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वाहन पंजीकरण, लाइसेंस नवीनीकरण, ट्रांसफर और अन्य सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल जनता को सरकारी सेवाओं तक आसान और पारदर्शी पहुंच दिलाएगी।
माल विभाग और टोल प्लाज़ा सुधारों का जिक्र
मान ने बताया कि माल विभाग में किए गए सुधारों से पहले ही जनता को काफी लाभ हुआ है। इसी तरह, सरकार ने अब तक राज्य में 19 टोल प्लाज़ा बंद किए हैं, ताकि लोगों से अनावश्यक वसूली को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि यह सभी कदम जनता के हित में उठाए जा रहे हैं।
29 लाख से अधिक आवेदन हुए निपटाए
मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में ट्रांसपोर्ट विभाग ने कुल 29,23,390 आवेदनों पर कार्रवाई की। इनमें से 19,63,209 आवेदन वाहन पंजीकरण से जुड़े थे और 9,60,181 आवेदन ड्राइविंग लाइसेंस सेवाओं से संबंधित थे।
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आवेदनों को कुशलता से निपटाने के लिए नया नागरिक-हितैषी मॉडल आवश्यक था।
जनता की मदद के लिए हेल्प डेस्क
नई प्रणाली को सही ढंग से लागू करने के लिए RTO कार्यालयों में शुरुआती 15 दिनों तक हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। ये डेस्क नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज़ों और प्रक्रियाओं की जानकारी देंगे।
मान ने कहा कि यह कदम पंजाब को डिजिटल, पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन की दिशा में एक और बड़ा कदम है।
