पंजाब के होशियारपुर जिले के दसूआ इलाके में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह हादसा गांव सगरा के पास उस वक्त हुआ जब एक निजी मिनी बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मिनी बस तलवाड़ा से दसूआ की ओर आ रही थी। सगरा गांव के पास अचानक सामने से आ रही कार से उसकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और बचाव टीम को सूचना दी। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा:
“आज पंजाब के दसूआ क्षेत्र में एक बेहद अफ़सोसजनक हादसा हुआ है। एक निजी मिनी बस और कार के टकराने से कई जानें चली गई हैं और कई लोग घायल हुए हैं। मैंने प्रशासन को घायलों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। मैं लगातार स्थिति पर नज़र बनाए हुए हूं।”
दसूआ के विधायक करमवीर सिंह घुम्मन ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें खुद फोन कर हादसे की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों को मदद देने का भरोसा दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुँच कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी और एक-दूसरे से बचने का मौका नहीं मिला। फिलहाल, हादसे की असली वजह जानने के लिए पुलिस पूरी छानबीन कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। प्रशासन की कोशिश है कि घायलों को जल्द से जल्द बेहतर इलाज मिले और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाए।
