पंजाब सरकार ने राज्यवासियों को एक और बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी क्लीनिकों में व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा की शुरुआत की है। इस सेवा के तहत अब मरीजों को दवाओं की जानकारी और मेडिकल रिपोर्ट सीधे उनके व्हाट्सएप पर भेजी जाएगी। इससे लोगों को क्लीनिक जाकर रिपोर्ट या पर्ची लेने की जरूरत नहीं होगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
रोज़ाना 70 हजार लोग करवा रहे चेकअप
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य भर में चल रहे 880 आम आदमी क्लीनिकों में प्रतिदिन करीब 70,000 मरीज जांच और उपचार के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि यह सुविधा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सहज व सुलभ बनाएगी। समय पर जांच और सही दवा मिलने से बीमारियों का शुरुआती चरण में ही इलाज संभव हो पाएगा।
बीमारी का समय पर पता लगना है जरूरी
मुख्यमंत्री मान ने अपने संबोधन में कहा, “आजकल लोगों की सोच यह हो गई है कि पोते का मुंह देख लें, वही काफी है। लेकिन यदि समय रहते बीमारी का पता चल जाए, तो पोते की शादी तक देखना भी मुमकिन है।” उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक होने की अपील करते हुए कहा कि सरकार लोगों की बेहतर सेहत के लिए लगातार कदम उठा रही है।
पंजाब के गांवों में दूषित जल पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने कई गांवों में खराब पानी की स्थिति को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में बच्चों को जन्म से पहले ही व्हीलचेयर की ज़रूरत पड़ती है, क्योंकि वहां के पानी में यूरेनियम जैसी हानिकारक धातुएं पाई गई हैं। उन्होंने कहा, “इन इलाकों में टोटी से निकला पानी पांच मिनट में काला हो जाता है। 5-6 साल के बच्चे बाल रंगते हैं और हर घर में व्हीलचेयर दिखती है।”
WHO से मदद की अपील
मुख्यमंत्री ने विश्व स्वास्थ्य संगठन से अपील की कि वह इन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे। उन्होंने बताया कि इन गांवों में निसंतान दंपत्तियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा, “जब हम इन इलाकों में जाते हैं, तो ऐसा लगता है कि किसी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में आ गए हैं, न कि खुशहाल पंजाब में।”
प्रदूषित इलाकों के लिए नए प्रोजेक्ट लाने की योजना
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार इन इलाकों में विशेष परियोजनाएं शुरू करने की योजना बना रही है, ताकि वहां के लोगों को साफ पानी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि यह सरकार का कर्तव्य है कि हर नागरिक को स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन मिले।
