पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान शुक्रवार को अपने परिवार संग श्री चमकौर साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब में माथा टेक कर राज्य की शांति, तरक्की और समृद्धि के लिए अरदास की।
सेवा को सच्चे दिल से निभा रहे : सीएम मान
गुरुद्वारा में नतमस्तक होने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि, “हम यहां पंजाब की तरक्की के लिए अरदास करने आए हैं। जिस सेवा के लिए ईश्वर ने हमें नियुक्त किया है, उसे सच्चे दिल से निभाना हमारा धर्म है। हमारा मकसद है कि लोगों की भलाई के लिए लगातार काम करते रहें।”
लैंड पूलिंग पर आम लोगों से होगी बातचीत
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार की लैंड पूलिंग नीति को लेकर कोई भी निर्णय जनता से संवाद किए बिना नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम आम लोगों से बैठकें करेंगे, उनकी राय लेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी के साथ कोई अन्याय न हो। सरकार की हर योजना जनता की भलाई के लिए है, न कि किसी पर थोपी जाए।”
जनता की भलाई ही सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य हर वर्ग के नागरिक को न्याय और विकास का लाभ देना है। उन्होंने दोहराया कि सरकार की नीतियां लोगों की भागीदारी और पारदर्शिता के सिद्धांतों पर आधारित हैं।
