पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शेर-ए-पंजाब टी-20 कप में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से विशेष मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की धरती ने हमेशा देश को प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं और आने वाले समय में भी युवा अपनी मेहनत से नई पहचान बनाएंगे।
30 अगस्त से मोहाली में होगा टूर्नामेंट
शेर-ए-पंजाब टी-20 कप का आयोजन 30 अगस्त से 13 सितंबर तक पीसीए स्टेडियम, मोहाली में किया जाएगा। इस क्रिकेट टूर्नामेंट में 6 टीमें हिस्सा लेंगी। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी यह प्रतियोगिता खास आकर्षण का केंद्र रहने वाली है।
युवाओं को खेलों से जोड़ने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और पंजाब को खेलों के क्षेत्र में और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उनका कहना है कि ऐसे टूर्नामेंट नए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच देते हैं और उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।
‘खेलता पंजाब, बढ़ता पंजाब’ का संदेश
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का भी प्रतीक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शेर-ए-पंजाब टी-20 कप से कई नए प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आएंगे, जो भविष्य में पंजाब और देश का नाम रोशन करेंगे।
