पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को 26वें कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में चंडीगढ़ स्थित बोगनविलिया पार्क के युद्ध स्मारक पर जाकर शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की शहादत को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
जताया वीर सैनिकों को सम्मान
इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा, “1999 की कारगिल युद्ध में अदम्य साहस और वीरता का इतिहास रचने वाले समस्त बहादुर जवानों की बहादुरी और बलिदान को कारगिल दिवस के अवसर पर नमन करता हूं।” उन्होंने आगे कहा कि उन वीरों की जज़्बे और शौर्य को देशवासी कभी नहीं भूलेंगे।
कारगिल के शहीदों को समर्पित रहा पूरा समारोह
समारोह में मुख्यमंत्री के अलावा कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। इस मौके पर देशभक्ति गीतों के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और देश की अखंडता व संप्रभुता की रक्षा के लिए उनके योगदान को याद किया गया।
शहीदों की कुर्बानियों को किया गया यादगार
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में यह भी दोहराया कि राज्य सरकार शहीदों और उनके परिवारों के सम्मान में हमेशा अग्रसर रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को इन शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर देश सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
