पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गरगज्ज से अहम अपील की है। उन्होंने कहा है कि 15 जनवरी को जब संगत के सामने हिसाब पेश किया जाएगा और वह अपनी सफाई देंगे, तो इस पूरी प्रक्रिया का लाइव टेलीकास्ट किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री का मानना है कि इससे पूरी दुनिया में बैठी संगत सच्चाई को सीधे देख और समझ सकेगी।
दुनियाभर से मिल रहे संदेश
सीएम मान ने कहा कि उन्हें देश-विदेश से लगातार संदेश मिल रहे हैं, जिनमें लोग यह मांग कर रहे हैं कि 15 जनवरी को होने वाली पूरी कार्रवाई सभी टीवी चैनलों पर लाइव दिखाई जाए। उन्होंने कहा कि संगत की भावनाओं का सम्मान करना बेहद जरूरी है और पारदर्शिता बनाए रखना समय की मांग है।
सबूतों के साथ पेश होगी सफाई
मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि वह 15 जनवरी को पूरे सबूतों के साथ अपनी बात रखेंगे। उन्होंने यह भी दोहराया कि उनका मकसद किसी तरह का भ्रम पैदा करना नहीं, बल्कि हर पहलू को खुलकर सामने लाना है। सीएम मान के अनुसार, लाइव टेलीकास्ट से किसी भी तरह की गलतफहमी की गुंजाइश खत्म हो जाएगी।
संगत को जोड़ने का प्रयास
भगवंत मान ने कहा कि अगर लाइव प्रसारण होता है, तो संगत पल-पल की जानकारी से जुड़ी रहेगी, खासकर गोलक और पैसों से जुड़े मामलों में। इससे विश्वास मजबूत होगा और हर व्यक्ति खुद देख सकेगा कि क्या कहा जा रहा है और क्या जवाब दिए जा रहे हैं।
15 जनवरी पर टिकी नजरें
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि वह जत्थेदार साहिब से पूरे सम्मान के साथ यह अनुरोध कर रहे हैं कि इस अहम दिन की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाए। अब सभी की नजरें 15 जनवरी पर टिकी हैं, जब यह साफ होगा कि लाइव टेलीकास्ट को मंजूरी मिलती है या नहीं।
