पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गैर-भाजपा शासित राज्यों के साथ जानबूझकर भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि भाजपा सरकार राज्यों के हक का फंड रोककर उन्हें वित्तीय संकट की ओर धकेल रही है।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि भाजपा द्वारा आपदा प्रबंधन कोष (SDRF) को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब को SDRF के तहत कुल 5,012 करोड़ रुपये मिले थे, जिनमें से 3,820 करोड़ रुपये खर्च भी किए जा चुके हैं। भाजपा यह भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है कि पंजाब को 12,000 करोड़ रुपये मिले हैं, जबकि यह तथ्यात्मक रूप से गलत है। मान के मुताबिक, असल में केवल 1,200 करोड़ रुपये की बकाया राशि है, लेकिन भाजपा उसमें एक ‘बेकार का जीरो’ जोड़कर इसे 12,000 करोड़ बताने में जुटी है।
बाढ़ से भारी नुकसान, मदद नाकाफी
मुख्यमंत्री ने इस साल पंजाब में आई बाढ़ का ज़िक्र करते हुए कहा कि राज्य को व्यापक स्तर पर जानी और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। शुरुआती आंकड़ों के आधार पर नुकसान का आकलन करीब 13,800 करोड़ रुपये तक पहुंचता है। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने पंजाब को सिर्फ 1,600 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है, जो बेहद कम और नाकाफी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने असल नुकसान का पता लगाने के लिए विशेष सर्वेक्षण कराने के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कुल कितना नुकसान हुआ है और पुनर्बहाली के लिए कितनी राशि की ज़रूरत होगी।
राहुल गांधी की सुरक्षा पर भी बोले मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की हालिया पंजाब यात्रा पर भी टिप्पणी की। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी रावी नदी पार करना चाहते थे, लेकिन वहां से पाकिस्तान की सीमा मात्र 800 मीटर की दूरी पर है। ऐसी स्थिति में उनकी सुरक्षा को खतरे में डालना उचित नहीं था।
मान ने कहा कि पंजाब सरकार किसी भी राजनीतिक दल या नेता की सुरक्षा को लेकर लापरवाह नहीं हो सकती। राज्य सरकार की प्राथमिकता जनता के साथ-साथ नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
