पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज तरनतारन पहुंचे और यहां 19,000 किलोमीटर से अधिक लंबाई वाली ग्रामीण लिंक सड़कों के मरम्मत और अपग्रेडेशन के कामों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसे ग्रामीण इलाकों के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।
पांच साल के लिए सड़कों का रखरखाव ठेकेदार की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि जिन ठेकेदारों को यह काम मिलेगा, उनकी जिम्मेदारी होगी कि वे अगले पांच साल तक सड़कों का रखरखाव करें। उन्होंने यह भी बताया कि नई सड़कें चौड़ी और बेहतर गुणवत्ता वाली होंगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस काम में कोई सरकारी अधिकारी ठेकेदारों को परेशान नहीं करेगा।
तरनतारन में सड़कों पर खर्च
तरनतारन में कुल 1,210 किलोमीटर सड़कें हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन सड़कों के लिए कुल पौने 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, मरम्मत कार्य के लिए 44 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जाएंगे ताकि अगले पांच साल तक काम में कोई बाधा न आए।
तकनीक और मैनुअल सर्वे से मिली जानकारी
सड़कों की जांच के लिए पहले मैनुअल सर्वे किया गया, जिसमें इंजीनियर भेजे गए थे। बाद में एआई तकनीक से पता चला कि 400 से 500 मीटर सड़कें वास्तव में मौजूद नहीं थीं, जबकि पिछली सरकारों की रिपोर्ट में यह दर्ज थी। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक धन की बचत करना और उसे सही तरीके से जनता तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पहले अक्सर खबरें आती थीं कि बिजली के कोले की आपूर्ति एक दिन रह गई, लेकिन अब लगातार बिजली उपलब्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में आई हाल की बाढ़ों से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है और पंजाब को स्वावलंबी बनाने की कोशिशें जारी हैं।
फसलों के नुकसान के लिए जल्द होगा मुआवजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित किसानों को 10 दिनों के भीतर पहले चेक वितरित करना शुरू कर दिया जाएगा। यह चेक लगभग 20 हजार प्रीत एकड़ के हिसाब से होंगे, ताकि किसानों को तत्काल राहत मिल सके।
ग्रामीण विकास और जनता के लिए बेहतर सुविधाएं
मुख्यमंत्री मान ने जोर देकर कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल सड़कों का निर्माण नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में सुविधाओं और जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी है। नई सड़कों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और विकास की गति तेज होगी।
