भारत और ब्राजील के बीच न्यायिक संबंधों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से CJI सूर्यकांत के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट के प्रतिनिधिमंडल ने ब्राजील का दौरा किया। इस दौरान ब्रासीलिया और रियो डी जेनेरियो में कई उच्चस्तरीय बैठकें हुईं। इनमें मध्यस्थता, आर्बिट्रेशन, न्यायपालिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और न्यायिक स्वतंत्रता जैसे अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने 11 से 13 नवंबर 2026 तक ब्राजील की यात्रा की। इस दौरान उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के प्रतिनिधिमंडल के साथ ब्रासीलिया और रियो डी जेनेरियो में विभिन्न न्यायिक संस्थानों के प्रमुखों और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस यात्रा का मुख्य मकसद दोनों देशों के बीच न्यायिक सहयोग को नई दिशा देना और आपसी संबंधों को मजबूत करना था।
ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के प्रमुख से हुई मुलाकात
CJI सूर्यकांत के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने ब्राजील के फेडरल सुप्रीम कोर्ट के अध्यक्ष जस्टिस लुइज एडसन फाचिन और अन्य न्यायाधीशों एवं अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान BRICS देशों के लिए मध्यस्थता और आर्बिट्रेशन का एक साझा मंच विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
बैठक में न्यायिक स्वतंत्रता, संवैधानिक लोकतंत्र, अदालतों में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल, डिजिटल प्लेटफॉर्म के नियमन और जलवायु न्याय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार रखे गए।
श्रम विवादों के निपटारे पर अनुभव साझा
ब्राजील दौरे के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सुपीरियर लेबर कोर्ट के अध्यक्ष जस्टिस लुइज फिलिप विएरा डी मेलो फिल्हो और अन्य न्यायाधीशों से भी मुलाकात की। इस बैठक में भारत और ब्राजील की न्यायपालिका ने श्रम विवादों के समाधान से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। साथ ही इनके निपटारे की प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
न्यायपालिका में AI के इस्तेमाल पर भी मंथन
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने अगले दिन ब्राजील के सुपीरियर कोर्ट ऑफ जस्टिस (STJ) का दौरा किया। यहां कोर्ट के अध्यक्ष जस्टिस लुइस फेलिप सालोमाओ और अन्य न्यायाधीशों के साथ बैठक हुई। इसमें सीमा पार मध्यस्थता और आर्बिट्रेशन, न्यायिक कार्यों में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल तथा संवैधानिक सिद्धांतों को लेकर सहयोग बढ़ाने पर बातचीत हुई।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने ब्राजील की नेशनल काउंसिल ऑफ जस्टिस के काउंसलर रोड्रिगो बदारो से मुलाकात की। इस दौरान न्यायिक व्यवस्था में AI के बढ़ते उपयोग और इससे जुड़े नए पहलुओं पर चर्चा की गई।
मोबाइल कोर्ट और संगठित अपराध पर भी हुई बातचीत
ब्रासीलिया के बाद भारतीय प्रतिनिधिमंडल रियो डी जेनेरियो पहुंचा। यहां CJI सूर्यकांत और उनकी टीम ने मोबाइल कोर्ट का दौरा किया। इस दौरान मोबाइल जस्टिस बस की पहल के बारे में जानकारी साझा की गई। इस व्यवस्था का मकसद उन लोगों तक न्याय पहुंचाना है, जिनके लिए अदालतों तक पहुंचना मुश्किल होता है।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने रियो डी जेनेरियो के कोर्ट ऑफ जस्टिस (TJRJ) परिसर का भी दौरा किया। यहां संगठित अपराध से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाले न्यायाधीशों के साथ बैठक की गई। दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने संगठित अपराध से जुड़े मामलों से निपटने के अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।
ब्राजील यात्रा के अंतिम चरण में CJI सूर्यकांत ने TJRJ के अध्यक्ष और अपील कोर्ट के जज रिकार्डो काउटो डी कास्त्रो से भी मुलाकात की।
