पंजाब के मोहाली जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-9 स्थित एक फैक्ट्री में सिलेंडर फटने से जबरदस्त धमाका हुआ, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
धमाके से हिलीं दीवारें, फैक्ट्री को भारी नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घरों की दीवारें हिल गईं और फैक्ट्री की छत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सिलेंडर के टुकड़े करीब 1 किलोमीटर दूर तक जाकर गिरे, जिससे धमाके की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि धमाका ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से हुआ या किसी अन्य कारण से। घटना की जांच के लिए पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया के ज़रिए गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा:
“मोहाली के इंडस्ट्री एरिया फेज-9 में एक निजी फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हुआ है। इस दुखद घटना में कुछ लोगों की मौत और कुछ के घायल होने की खबर मिली है। प्रशासन की टीमें मौके पर हैं और राहत कार्य जारी है। मैं पल-पल की जानकारी ले रहा हूं। परमात्मा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले। सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।”
जांच में जुटा प्रशासन
घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को घेर लिया गया है ताकि कोई और हादसा न हो। प्रशासन ने कहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है और लापरवाही पाई जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोग रहें सतर्क, प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षात्मक निर्देशों का पालन करें। साथ ही, आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की भी जांच की जा रही है ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
