पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज अमृतसर पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक महाराजा रणजीत सिंह लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने राज्य सरकार की साढ़े तीन साल की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और लोगों को सरकार की योजनाओं और प्रयासों से अवगत करवाया।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधाएं देना है, और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
किसानों को दिन में मिल रही बिजली
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब किसानों को दिन के समय भी बिजली सप्लाई दी जा रही है, जिससे खेती करना आसान हुआ है। साथ ही उन्होंने बताया कि 88 प्रतिशत घरों में मुफ्त बिजली दी जा रही है और लोग अपनी जरूरत के अनुसार बिजली की खपत कर रहे हैं।
नहरों का पानी खेतों तक
उन्होंने बताया कि अब नहरों का पानी खेतों और गांवों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे सिंचाई व्यवस्था में काफी सुधार आया है। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि उन्हें अब सिंचाई के लिए सिर्फ ट्यूबवेल पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता
सीएम मान ने बताया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में अब तक 55 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह सभी भर्तियां पारदर्शी तरीके से की गई हैं और युवाओं को बिना किसी सिफारिश के मौका मिला है।
नशे के खिलाफ मुहिम
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ नामक एक बड़ी मुहिम चलाई गई है। इसका उद्देश्य नशे के जाल से युवाओं को निकालना और उन्हें एक बेहतर भविष्य देना है।
सड़कों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि पंजाब में 56.36 करोड़ रुपए की लागत से नई सड़कें बनाई जाएंगी। इसका मकसद लोगों की आवाजाही को और आसान और सुरक्षित बनाना है।
सड़क सुरक्षा फोर्स भी तैनात
सीएम ने बताया कि सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए विशेष सड़क सुरक्षा फोर्स तैनात की गई है, ताकि सड़क हादसों को कम किया जा सके और लोगों की जानें बचाई जा सकें।
इस पूरे कार्यक्रम में सीएम मान ने एक बार फिर दोहराया कि पंजाब सरकार लोगों की भलाई के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
