पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने संगरूर में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्र सरकार और BJP पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के संवैधानिक ढांचे के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है।
CM मान ने आरोप लगाया कि CBI, ED, आयकर विभाग और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को विपक्षी राज्यों के खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ED के छापे सिर्फ उन्हीं राज्यों में क्यों पड़ते हैं जहां BJP की सरकार नहीं है।
“लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोकतंत्र की सीधी हत्या है और विपक्षी नेताओं को डराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाबियों के खिलाफ नफरत और भेदभाव की राजनीति की जा रही है।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब गुरुओं, पीरों और शहीदों की धरती है, जहां भाईचारे और प्यार की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि इस मिट्टी में हर बीज उग सकता है, लेकिन नफरत का बीज कभी जड़ नहीं पकड़ सकता।
बेअदबी कानून का भी किया जिक्र
CM मान ने अपने बयान में हाल ही में पारित बेअदबी विरोधी कानून का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस सख्त कानून के बाद BJP पूरी तरह घबरा गई है और अब पंजाब में राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों के साथ राजनीतिक खेल खेलना बंद किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि उनकी सरकार पूरी ईमानदारी के साथ लोगों की सेवा करती रहेगी और किसी दबाव में नहीं झुकेगी।
“हम न झुकेंगे, न रुकेंगे”
अपने संबोधन के आखिर में भगवंत मान ने जोशीले अंदाज में कहा कि पंजाब को डराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनता के लिए काम करती रहेगी और हर चुनौती का सामना मजबूती से करेगी। उन्होंने अपने बयान का अंत “इंकलाब ज़िंदाबाद” के नारे के साथ किया।
