पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पठानकोट में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्या में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें पंजाब की सेवा के लिए नई ऊर्जा देता है।
‘पंजाब प्रेम और एकता की धरती’
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि गुरुओं और पीरों की इस पावन धरती पर हमेशा प्रेम, आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब की असली ताकत उसकी एकता और सभी धर्मों के प्रति सम्मान की भावना है। उन्होंने लोगों से राज्य में शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की।
‘रंगला पंजाब’ के निर्माण का किया आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास और जनकल्याण के माध्यम से ‘रंगला पंजाब’ का निर्माण करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी मिलकर पंजाब को विकास, खुशहाली और सामाजिक समरसता के रास्ते पर आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण और राज्य के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

हजारों श्रद्धालुओं ने लिया कार्यक्रम में हिस्सा
‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान शिव के भजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण देखने को मिला। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अंत में भगवान शिव का स्मरण करते हुए “हर हर महादेव” का उद्घोष किया और लोगों का कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया।
