पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज पत्रकारों से बात करते हुए केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए घोषित किया गया राहत फंड सिर्फ़ कागज़ी ऐलान था, ज़मीन पर उसका कोई असर दिखाई नहीं दिया।
राज्य सरकार ने खुद उठाई ज़िम्मेदारी
मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने खुद बाढ़ पीड़ितों को मुआवज़ा दिया और किसानों को अगली फसल के लिए मुफ़्त बीज उपलब्ध करवाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार पंजाब विरोधी फैसले ले रही है, जबकि पंजाब बीजेपी के नेता पंजाब के हक़ में बोलने के बजाय हमेशा केंद्र का बचाव करते दिखाई देते हैं।
बीजेपी पर वोट चोरी के आरोप
मुख्यमंत्री ने बीजेपी पर लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में बीजेपी द्वारा की जा रही वोट चोरी को आम आदमी पार्टी पहले ही उजागर कर चुकी है। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, क्योंकि यह लोकतंत्र के लिए खतरा है।
पंजाब यूनिवर्सिटी को लेकर बयान
सीएम मान ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ हमारी ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हमेशा इसके संरक्षण के लिए आवाज़ उठाती रही है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि पार्टी ने यूनिवर्सिटी की सीनेट भंग कर पंजाब के प्रतिनिधित्व को कमजोर करने की कोशिश की, लेकिन सरकार ने उस साजिश को नाकाम कर दिया।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पंजाब सरकार हर मोर्चे पर राज्य के हक की लड़ाई जारी रखेगी।
