जापान दौरे के तीसरे दिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ओसाका पहुंचे, जहां उन्होंने मशहूर एग्री-मशीनरी कंपनी Yanmar Holdings Co., Ltd. का दौरा किया। यहां सीएम मान की मुलाकात कंपनी की ग्लोबल CEO जुनको नाकाई और शीर्ष प्रबंधन के सदस्यों से हुई। बैठक का मकसद था—पंजाब में नए निवेश की संभावनाओं को मजबूत करना।
पंजाब को इनोवेशन और तकनीक का मजबूत केंद्र बनाने की अपील
बैठक में मुख्यमंत्री ने Yanmar टीम को पंजाब में बिजनेस विस्तार के अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने कंपनी को खासकर रिसर्च एंड डेवलपमेंट, नई तकनीक और एग्री-इनोवेशन के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। मान ने कहा कि पंजाब तेजी से उद्योगों के लिए पसंदीदा राज्य बन रहा है और सरकार कंपनियों को सुगम माहौल देने के लिए लगातार reforms लेकर आ रही है।

Yanmar ने साझा किए पंजाब में काम के सकारात्मक अनुभव
कंपनी के प्रतिनिधियों ने चर्चा के दौरान बताया कि पंजाब में उनके अब तक के अनुभव बेहद सुखद रहे हैं। Sonalika के साथ पुराने सहयोग और हाल ही में Claas प्लांट के अधिग्रहण को उन्होंने सफल मॉडल बताया। Yanmar टीम ने यह भी कहा कि पंजाब में कार्य-संस्कृति, कनेक्टिविटी और संसाधनों की उपलब्धता उनके लिए हमेशा प्रेरणादायक रही है।
सरकार देगी पूरा सपोर्ट: सीएम मान
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार Yanmar जैसे वैश्विक उद्योगों को हर स्तर पर पूरा समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि राज्य का मकसद युवाओं को उन्नत तकनीक वाली नौकरियों से जोड़ना और कृषि-उद्योग को नई दिशा देना है।
इंवेस्टर्स समिट 2026 का खास निमंत्रण
बैठक के अंत में सीएम मान ने Yanmar Holdings को 2026 में आयोजित होने वाले 6th Progressive Punjab Investors’ Summit में विशेष रूप से शामिल होने का निमंत्रण दिया।
इस मुलाकात को पंजाब की उद्योग नीति के लिए एक और बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में राज्य में निवेश और रोजगार के नए द्वार खुल सकते हैं।
