पंजाब के मुख्यमंत्री की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है और संभावना जताई जा रही है कि उन्हें अगले एक-दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। यह जानकारी राज्य के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने दी।
अस्पताल में रहकर भी कर रहे काम
अमन अरोड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री अस्पताल में भर्ती रहने के बावजूद पूरी सक्रियता के साथ कामकाज देख रहे हैं। उन्होंने आज मंत्रियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री की पंजाब यात्रा, केंद्र सरकार के राहत पैकेज और बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे कामों की समीक्षा की।
बाढ़ से 20 हजार करोड़ का नुकसान
अरोड़ा ने बताया कि पंजाब को हाल की बाढ़ से लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है। इसके मुकाबले केंद्र सरकार की ओर से सिर्फ 1600 करोड़ रुपये का राहत पैकेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर राज्यपाल इसे टोकन अमाउंट बता रहे हैं तो यह ठीक है, लेकिन असलियत यह है कि पंजाब को बड़े राहत पैकेज की सख्त ज़रूरत है।
प्रधानमंत्री से की बड़ी उम्मीदें
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की बातों और कार्यों में फर्क नहीं होना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि 12 हजार करोड़ रुपये की मदद की चर्चा हो रही थी, लेकिन अभी तक सिर्फ 1600 करोड़ रुपये ही जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 10 दिन पहले ही केंद्र को पत्र लिखकर एसडीआरएफ (State Disaster Response Fund) के नियमों में बदलाव की मांग की थी।
ज़रूरी है राहत राशि में बढ़ोतरी
अमन अरोड़ा ने मौजूदा नियमों की सीमाओं पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि फिलहाल एसडीआरएफ फंड के तहत घरों के बर्तनों के नुकसान पर केवल 2500 रुपये और किसानों को फसल खराब होने पर 6800 रुपये मुआवज़ा दिया जाता है। उन्होंने साफ कहा कि यह राशि बेहद कम है और वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए इसमें तुरंत बढ़ोतरी की आवश्यकता है।
