पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीदी सभा श्री फ़तेहगढ़ साहिब की तैयारियों को लेकर चंडीगढ़ में उच्च अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि बैठक में शहीदी सभा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
सड़कों की सफाई और व्यवस्थाओं पर जोर
सीएम मान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहीदी सभा से पहले गुरुद्वारा साहिब जाने वाली सभी सड़कों की पूरी तरह साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़क, लाइटिंग और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने पर खास ध्यान देने को कहा गया।
श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। शहीदी सभा के दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, ई-रिक्शा, मोबाइल शौचालय और शटल बसों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की जाएगी, ताकि बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को किसी तरह की दिक्कत न हो।

सीसीटीवी से होगी कड़ी निगरानी
सीएम भगवंत मान ने यह भी कहा कि प्रशासन की ओर से हर सेक्टर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सकेगा।
सरकार सेवा में हमेशा तत्पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन और सभी संबंधित विभाग मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि शहीदी सभा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
सरकार ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग करें, ताकि सभी को बिना किसी परेशानी के दर्शन और सेवा का लाभ मिल सके।
