दिल्ली-NCR में CNG इस्तेमाल करने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें 29 अगस्त 2026 की सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।
दिल्ली में अब कितना देना होगा?
कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में CNG का नया रेट 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। इससे पहले राजधानी में CNG 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम मिल रही थी। यानी अब वाहन चालकों को हर किलो CNG पर पहले की तुलना में 3.89 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे।
गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में भी बढ़े दाम
CNG की कीमतों में यह बढ़ोतरी केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। IGL के तहत आने वाले आसपास के शहरों में भी नए रेट लागू किए गए हैं। गुरुग्राम में CNG की कीमत 92.01 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। नोएडा में नया रेट 111.87 रुपये प्रति किलोग्राम बताया गया है, जबकि गाजियाबाद में CNG 95.59 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगी।
West Asia संकट से बढ़ी LNG की कीमत
IGL ने कीमत बढ़ाने के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG यानी लिक्विफाइड नेचुरल गैस की बढ़ती लागत को प्रमुख वजह बताया है। कंपनी के अनुसार CNG के लिए जरूरी गैस का एक बड़ा हिस्सा आयातित LNG से पूरा होता है। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण LNG की सप्लाई और कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर असर
कंपनी के मुताबिक जुलाई 2026 से पश्चिम एशिया में संकट बढ़ने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से LNG कार्गो की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमतें संकट से पहले के मुकाबले करीब दोगुनी हो गईं। बढ़ती इनपुट लागत के कुछ हिस्से की भरपाई के लिए CNG की कीमत बढ़ाने का फैसला लिया गया।
