पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने संगरूर के फग्गूवाला में आयोजित ‘शुक्राना यात्रा’ के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए भावुक अंदाज में उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना उनके लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है।
CM मान ने कहा कि वह यहां मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि लोगों के भाई बनकर आए हैं। उन्होंने जनता के प्यार और समर्थन को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया।
“यह राजनीतिक नहीं, धार्मिक यात्रा है”
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘शुक्राना यात्रा’ किसी राजनीतिक रैली का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह अकाल पुरख का आभार व्यक्त करने की यात्रा है, जिसने उनकी सरकार को बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बनाने की ताकत दी।
उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने भी इस कानून को सही मानते हुए विरोधियों की याचिकाओं को खारिज कर दिया है। CM मान ने कहा कि अब कोई भी आरोपी मानसिक संतुलन खराब होने का बहाना बनाकर कानून से बच नहीं पाएगा।
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
भगवंत मान ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों ने धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम किया, लेकिन गुरु साहिब की मर्यादा की रक्षा के लिए कभी सख्त कदम नहीं उठाए।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पंजाब के सम्मान और लोगों की भावनाओं की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से काम कर रही है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने ‘मावां धीयां सम्मान योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को मजबूत बनाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के लिए लगातार नई योजनाएं ला रही है ताकि लोगों का जीवन बेहतर बनाया जा सके।
