पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चल रहा ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ अभियान लगातार तेज हो रहा है। अभियान के 110वें दिन पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर पूरे राज्य में बड़े स्तर पर छापेमारी की। पुलिस का कहना है कि अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
248 लोग गिरफ्तार, 11 घोषित अपराधी पकड़े गए
पंजाब पुलिस के अनुसार इस विशेष अभियान के दौरान राज्यभर में कुल 537 जगहों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 248 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 11 घोषित अपराधियों को भी पकड़ने में सफलता मिली।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 6 हथियार बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ जारी है और कई अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।
लगातार बढ़ रही गिरफ्तारियों की संख्या
पुलिस के मुताबिक ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 27,098 तक पहुंच चुकी है। पंजाब पुलिस का दावा है कि लगातार की जा रही कार्रवाई से राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क कमजोर पड़ रहा है।
AGTF और जिला पुलिस की टीमें मिलकर अलग-अलग जिलों में निगरानी रख रही हैं और खुफिया जानकारी के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
लोगों से मांगी जा रही गुप्त जानकारी
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को गैंगस्टर गतिविधियों या संदिग्ध लोगों की जानकारी मिले तो वह एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुमनाम तरीके से सूचना दे सकता है।
