पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। अभियान के 517वें दिन पंजाब पुलिस ने 81 कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में कार्रवाई करते हुए नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसा।
हेरोइन, अफीम और हजारों नशीली गोलियां बरामद
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान आरोपियों से 420 ग्राम हेरोइन, 5 किलो अफीम और 6,078 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा 6,460 रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की गई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के संपर्कों और नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई के साथ नशा मुक्ति पर भी जोर
अभियान में तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों के पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान 23 लोगों की काउंसलिंग कर उन्हें नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नशामुक्त पंजाब की दिशा में अभियान
मान सरकार की रणनीति नशे की सप्लाई रोकने के साथ पीड़ित लोगों को उपचार से जोड़ने की भी है। पंजाब पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए राज्यभर में ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
