नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण बढ़ा , हवा की गुणवत्ता खराब होने लगी है । राजधानी में हवा की गुणवत्ता ‘पुअर’ यानी खराब श्रेणी में पहुंचने के बाद 21 अक्टूबर से ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के पहले चरण को लागू कर दिया गया है। एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 20 अक्टूबर को 179 था, जो 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे बढ़कर 244 पर पहुंच गया। इसके साथ ही हवा की गुणवत्ता मॉडरेट से खराब श्रेणी में आ गई है।
मौसम विभाग और संबंधित संस्थानों के पूर्वानुमान में भी आने वाले दिनों में दिल्ली की हवा की गुणवत्ता पुअर श्रेणी में बने रहने की आशंका जताई गई है। इसी को देखते हुए GRAP की उप-समिति ने पहले चरण के तहत लागू होने वाले सभी उपायों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का फैसला लिया है।
प्रदूषण रोकने के लिए एजेंसियों को सख्त निगरानी के निर्देश:
आदेश में संबंधित एजेंसियों को GRAP-1 के तहत तय उपायों को लागू करने, उनकी निगरानी करने और जरूरत के मुताबिक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, लोगों से भी GRAP-1 के तहत जारी नागरिक दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई है।
CAQM की उप-समिति दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर लगातार नजर रखेगी। AQI के स्तर और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर स्थिति की समीक्षा की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आगे के कदम उठाने का फैसला लिया जाएगा। फिलहाल दिल्ली में GRAP-1 लागू होने के साथ ही प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए निगरानी और कार्रवाई तेज करने की तैयारी है।
